Summer express, हिसार। वन विभाग कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय कांवड़िए की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक हरिद्वार से कांवड़ लेकर हिसार पहुंचा था और मंगलवार सुबह मंदिर में जलाभिषेक करने गया था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
शिव नगर निवासी ओमप्रकाश के अनुसार उनका बेटा 32 वर्षीय मुकंदी हरिद्वार से कांवड़ लेकर आया था। मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे वह वन विभाग कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाने पहुंचा। कांवड़ चढ़ाने के बाद जब वह मंदिर के गुंबद से नीचे उतर रहा था, इसी दौरान वहां से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही मुकंदी गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत उपचार के लिए जिंदल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद शव को जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया। यहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।