अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
घोड़ा कॉलोनी के पास अमन सतकार लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में चोर दीवार फांदकर दाखिल हो गया और तिजोरी तोड़कर करीब सवा लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। चोर के हाथ में हथौड़ा था। दफ्तर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलकर उन्हें बंद कर दिया, लेकिन एसी के पीछे लगा हिडन कैमरा उसकी नजर से बच गया।
इसमें चोर की करीब एक घंटे की पूरी गतिविधि कैद हो गई। ट्रांसपोर्ट मालिक अमन ने बताया कि वह रविवार रात रोजाना की तरह दफ्तर बंद कर घर चले गए थे। सावन का महीना होने के कारण सोमवार सुबह करीब छह बजे वह दफ्तर में लंगर लगाने के लिए पहुंचे।
अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और सभी लॉकरों के ताले टूटे हुए थे। लॉकरों में रखी फाइलों को भी खंगाला गया था। जांच करने पर तिजोरी से करीब सवा लाख रुपये की नकदी गायब मिली। अमन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि चोर रात के समय पड़ोसियों की दीवार फांदकर दफ्तर में दाखिल हुआ था। वह करीब एक घंटे तक अंदर रहा। इस दौरान उसने दफ्तर के एक-एक दरवाजे के ताले तोड़े और फाइलों को खंगाला। इसके बाद हथौड़े की मदद से तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले दफ्तर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी और उन्हें बंद कर दिया, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि, एसी के पीछे लगा हिडन कैमरा उसकी नजर से बच गया। इसी कैमरे में उसके दफ्तर में दाखिल होने से लेकर चोरी कर फरार होने तक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई। अमन ने बताया कि इससे पहले भी दफ्तर के बाहर खड़े उनके ड्राइवरों के कई मोबाइल फोन चोरी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि रात के समय ट्रांसपोर्ट इलाके में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग घूमते रहते हैं, जिससे दफ्तरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हिडन कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।