समर न्यूज | शिमला
यूनाइटेड प्रेस क्लब ने जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग (जेपीएल) की खेल गतिविधियों को अधिक पारदर्शी, अनुशासित और प्रोफेशनल तरीके से संचालित करने के लिए ‘जेपीएल स्पोर्ट्स रेगुलेटरी बोर्ड, हिमाचल प्रदेश’ का गठन किया है। बोर्ड में आठ वरिष्ठ सदस्यों को बतौर गवर्निंग मेंबर शामिल किया गया है। बोर्ड खेलों से जुड़े नियमों, खिलाड़ियों की पात्रता, चयन प्रक्रिया, ट्रायल, टीम गठन, प्रतियोगिता प्रारूप, अनुशासन तथा विवादों से संबंधित मामलों पर निर्णय लेगा।
इंडोर और आउटडोर खेलों का किया जाएगा आयोजन: यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग के अंतर्गत विभिन्न इंडोर और आउटडोर खेलों का आयोजन किया जाएगा।
इनमें क्रिकेट, मैराथन/रनिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, शतरंज, कैरम, कबड्डी, रस्साकशी सहित अन्य खेलों को शामिल किया गया है। आवश्यकता के अनुसार पुरुष और महिला वर्ग में भी अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी।
आठ सदस्यीय बोर्ड में इन्हें मिली जिम्मेदारी
‘जेपीएल स्पोर्ट्स रेगुलेटरी बोर्ड, हिमाचल प्रदेश’ में राकेश सकलानी, नरवीर सिंह ठाकुर, लियाकत अली, राजीव चौहान, विकास शर्मा, पूनम भारद्वाज, दीपिका शर्मा मीनू कौंडल और टीना ठाकुर को गवर्निंग मेंबर बनाया गया है।
बोर्ड को खिलाड़ियों और टीमों के चयन, ट्रायल एवं पात्रता तय करने, टीम गठन, मैचों के आयोजन, फिक्स्चर और प्रतियोगिता प्रारूप निर्धारित करने तथा खेलों के दौरान अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर अलग-अलग खेलों के लिए चयन पैनल, रेफरी, अंपायर, जज और कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने का अधिकार भी बोर्ड के पास रहेगा।
नेतृत्व की ओर से मिली जिम्मेदारी
‘जेपीएल स्पोर्ट्स रेगुलेटरी बोर्ड, हिमाचल प्रदेश’ का गठन यूनाइटेड प्रेस क्लब के नेशनल प्रेसिडेंट अर्शदीप सिंह समर के स्तर से किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में संगठन की ओर से मोहित प्रेम शर्मा, प्रेसिडेंट, हिमाचल प्रदेश यूनाइटेड प्रेस क्लब हैं। बोर्ड का गठन जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग की खेल गतिविधियों को एक संगठित मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पत्रकारों के बीच खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आपसी समन्वय, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी प्रोत्साहन मिलेगा।