Summer express, नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत में मानसून सक्रिय रहने के कारण कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जलभराव और तेज बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को भी कई राज्यों में बारिश और भारी वर्षा की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और तराई क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ मध्य क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर अगले दो दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
ललितपुर में सैर नाले पर बना पुल बारिश के पानी में डूब गया। तेज बहाव के कारण एक बाइक भी पानी में बह गई। गाजियाबाद में भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया, जिससे कई वाहन फंस गए। कुछ वाहनों को ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
बिहार में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, सोमवार को गया तथा पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना समेत 20 जिलों में वज्रपात, मेघ गर्जन और छिटपुट बारिश की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
दिल्ली में रविवार को बारिश होने के बावजूद लोगों को उमस से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार, हवा में नमी अधिक होने के कारण राजधानी में चिपचिपी गर्मी का असर बना हुआ है। सोमवार को भी हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
राजस्थान में मौसम विभाग ने सोमवार को 12 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 26 और 27 अगस्त से राज्य में मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना जताई गई है। इस दौरान बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
मध्य प्रदेश में भी कई हिस्सों में तेज बारिश हुई है। रविवार को जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।