summer express , बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर स्थित खटूरिया कॉलोनी में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक मकान के मुख्य गेट को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि घर के गैराज में खड़ी दूसरी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय घर में मौजूद परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, देर रात तेज गति से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन को संभाल पाता, इससे पहले ही कार मकान के मुख्य गेट से जा टकराई। टक्कर के बाद गेट टूट गया और कार परिसर के अंदर पहुंच गई। इसके बाद वह गैराज में खड़ी दूसरी कार से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का मुख्य गेट और गैराज में खड़ी कार को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग भी पहुंच गए। घटना को लेकर इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में तेज रफ्तार कार को गेट तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश करते हुए देखा जा सकता है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कार घर के उस हिस्से में पहुंचती, जहां परिवार के सदस्य मौजूद थे, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल हादसे के पीछे कार की तेज रफ्तार के अलावा कोई अन्य वजह थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से परिवार ने राहत की सांस ली, हालांकि मकान के गेट और वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।