Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में धर्मशाला में युवाओं को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय खेल गतिविधियों का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन शहर में ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 50 से अधिक युवाओं के साथ एनसीसी कैडेट्स और पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली के जरिए प्रतिभागियों ने फिट इंडिया और नशामुक्ति का संदेश दिया।
माय भारत कांगड़ा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और साई स्पोर्ट्स हॉस्टल धर्मशाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने किया। साइकिलिंग के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को नियमित व्यायाम करने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।माय भारत कांगड़ा के डिप्टी डायरेक्टर ध्रुव डोगरा ने बताया कि युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम के दौरान योग और रोप स्किपिंग सहित विभिन्न गतिविधियां भी करवाई गईं। उन्होंने कहा कि ‘संडेज ऑन साइकिल’ पहल के तहत युवाओं को प्रत्येक रविवार कम से कम आधा घंटा साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा मोबाइल और नशे की गिरफ्त में तेजी से आ रहा है, ऐसे में खेल गतिविधियों से उन्हें स्वस्थ विकल्प मिल सकता है।उन्होंने युवाओं से धर्मशाला स्थित साई ग्राउंड और उपलब्ध खेल सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा नशे से दूर रहकर फिटनेस और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।