Summer express, फतेहाबाद । फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी में भोड़िया खेड़ा निवासी एक युवक पर कुछ युवकों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और उसके गिरते ही डंडों से उस पर हमला कर दिया। मारपीट की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घायल युवक की पहचान अजय के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अजय मोटरसाइकिल से पुरानी अनाज मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार होकर आए युवकों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अजय कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने डंडों से उस पर कई वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अजय को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अजय के मामा हवासिंह ने आरोप लगाया कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले विवाद को लेकर राजीनामा भी हो चुका था, इसके बावजूद अजय पर हमला कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फुटेज में कुछ युवक गाड़ी से उतरकर पहले मोटरसाइकिल को टक्कर मारते और इसके बाद अजय के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।