summer express, बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित ट्रामा सेंटर में ड्यूटी से गैरहाजिर रहने को लेकर कार्रवाई की आशंका के बीच एक रेडियोग्राफर पर कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों और कर्मचारियों में रोष फैल गया। डॉक्टरों ने काम छोड़कर ट्रामा सेंटर के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार ट्रामा सेंटर के एक्स-रे कक्ष में रेडियोग्राफर के पद पर तैनात संदीप के खिलाफ ड्यूटी से गैरहाजिर रहने को लेकर कार्रवाई की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर संदीप ने ट्रामा सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ मारपीट की।
बताया जा रहा है कि आरोपी रेडियोग्राफर के पीएमओ कक्ष में पहुंचकर कथित तौर पर बदसलूकी करने का मामला सामने आया था। इसके बाद हुई मारपीट की घटना से चिकित्सकों में नाराजगी और बढ़ गई।
घटना के बाद एचसीएमएस एसोसिएशन से जुड़े डॉक्टरों ने विरोध जताते हुए आधे दिन का काम स्थगित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि स्वास्थ्य संस्थान में अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। घटना के बाद उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। डॉक्टरों ने इस मामले की जानकारी सिविल सर्जन को भी दी और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों का कहना है कि अस्पताल जैसे संस्थान में अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है। ड्यूटी से संबंधित किसी भी विवाद का समाधान विभागीय स्तर पर होना चाहिए, लेकिन अधिकारियों के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी को किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस मामले की जांच कर रही है।