Summer express ,वेल्लोर। तमिलनाडु के वेल्लोर में गुरुवार रात चर्च की निर्माणाधीन छत का स्लैब अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय मजदूर छत के स्लैब पर कंक्रीट डालने का काम कर रहे थे। अचानक सपोर्ट स्ट्रक्चर के साथ छत का हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसा काटपाडी के पास मंडी कृष्णपुरम स्थित चर्च ऑफ साउथ इंडिया की निर्माणाधीन इमारत में हुआ। बताया गया कि मजदूर छत के लिए कंक्रीट डाल रहे थे। इसी दौरान करीब 20 फुट ऊंचा स्टील मचान और सपोर्ट फ्रेमवर्क अचानक ढह गया। भारी कंक्रीट, ईंटों और निर्माण सामग्री के मलबे में कई मजदूर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर विभाग, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू कर मलबे में फंसे मजदूरों की तलाश की गई। बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि अधिकारियों ने की है।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए वेल्लोर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल और क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर स्थित अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों की एक समिति यह पता लगाएगी कि निर्माणाधीन ढांचा क्यों ढहा और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इसके अलावा निर्माण एजेंसी या बिल्डर के पास चर्च की इमारत के निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति और बिल्डिंग परमिट थे या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।
प्रशासन ने घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।