summer express , राहुल चावला ,मैक्लोडगंज। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से मैक्लोडगंज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य इंद्रेश कुमार और हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने मुलाकात की। इस दौरान शांति, सद्भावना, करुणा, मैत्री और तिब्बत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इंद्रेश कुमार ने बताया कि दलाई लामा के साथ हुई मुलाकात पूरी तरह अनौपचारिक रही। उन्होंने कहा कि दलाई लामा ने भारत की उस परंपरा का उल्लेख किया, जिसमें सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान किया जाता है। भारत में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी धार्मिक मान्यताओं का पालन करने की स्वतंत्रता और सम्मान प्राप्त है।
मुलाकात के दौरान तिब्बत और तिब्बती लोगों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इंद्रेश कुमार ने बताया कि हिमालय परिवार और भारत-तिब्बत सहयोग मंच सहित कई संगठन तिब्बत और तिब्बती लोगों के लिए देशभर में प्रार्थना सभाओं और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से दलाई लामा की इच्छा के अनुरूप जल्द ही अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन आयोजित करने की जानकारी भी दी गई। इस पहल पर दलाई लामा ने प्रसन्नता व्यक्त की। बैठक में सिंधु कुंभ और तवांग तीर्थ यात्रा समेत अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत धर्म, संवाद और सद्भाव की भूमि है। देश सभी धर्मों का सम्मान करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दुनिया में शांति, आपसी सम्मान और भाईचारे का संदेश देता रहेगा।
BRICS सम्मेलन को लेकर भी रखी बात
नई दिल्ली में आयोजित BRICS सम्मेलन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तथा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ प्रस्तावित मुलाकातों को लेकर भी इंद्रेश कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दुनिया ने स्वीकार किया है कि भारत आज प्रमुख वैश्विक शक्तियों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ किए जा रहे प्रयासों से भारत की ताकत मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि BRICS के विभिन्न मंचों पर भारत ने टकराव के बजाय संवाद, भाईचारे और आपसी सम्मान का संदेश दिया है।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत रूस, चीन समेत दुनिया के सभी देशों के साथ सम्मान और सद्भाव की भावना से संबंधों को आगे बढ़ाने में विश्वास रखता है। उन्होंने युवाओं से ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।