समर न्यूज | चंडीगढ़
पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम को पूर्वी यूरोप के मोल्दोवा से भारत वापस ले आई। यह पंजाब पुलिस की ओर से किसी यूरोपीय देश से वांछित अपराधी का पहला सफल प्रत्यर्पण माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार दलम को शनिवार को भारत लाया गया।
वह जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़ा रहा है और विदेश में गैंगस्टर हैरी चट्ठा से भी उसके कथित संबंध बताए गए हैं। दलम पंजाब में हत्या, हत्या के प्रयास, नशीले पदार्थों की तस्करी, रंगदारी, हथियारों की तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ कुल 21 मामले दर्ज हैं। इनमें पांच हत्या, नौ शस्त्र अधिनियम, एक मादक पदार्थ अधिनियम और एक मामला गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम व विस्फोटक संबंधी प्रावधानों के तहत है। चार मामले बटाला में सुनवाई के चरण में हैं, जबकि 17 मामलों की जांच जारी है।
{छह महीने चला अभियान: पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के अनुसार दलम पहले संयुक्त अरब अमीरात में था और बाद में मोल्दोवा चला गया। वह कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट के जरिये विदेश भागा था। मार्च में मोल्दोवा की सीमा पर उसे इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया था। इसके बाद प्रत्यर्पण की कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ के तहत करीब छह महीने तक उसकी गतिविधियों पर खुफिया निगरानी रखी गई। अभियान में पंजाब पुलिस के एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और विदेशों में फरार अपराधियों को पकड़ने वाली विशेष इकाई ने केंद्रीय एजेंसियों तथा मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों के साथ समन्वय किया।
{होशियारपुर दोहरे हत्याकांड में भी वांछित: दलम के खिलाफ होशियारपुर के बुल्लोवाल थाने में दर्ज दोहरे हत्याकांड का मामला भी है। पुलिस के मुताबिक इसी मामले में इंटरपोल नोटिस की प्रक्रिया शुरू हुई थी। अब भारत वापसी के बाद पंजाब में दर्ज सभी मामलों में उससे पूछताछ और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी। पंजाब पुलिस ने विदेशों में छिपे गैंगस्टरों को वापस लाने के लिए विदेश भगोड़ा ट्रैकिंग और प्रत्यर्पण प्रकोष्ठ बनाया है। मार्च में पुलिस ने बताया था कि उसकी निगरानी में 61 फरार गैंगस्टर थे।