summer express,गुरुग्राम। महिला बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे राजस्थान के दौसा जिले से घेराबंदी कर पकड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी है।
शुरुआत में सेक्टर-56 थाना पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में बीएनएस की धारा 281 और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में धारा 125 के तहत केस दर्ज किया था। वायरल वीडियो और सामने आए तथ्यों के आधार पर अब बीएनएस की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का आरोप भी जोड़ा गया है। पुलिस आरोपी को कथित तौर पर पनाह देने और फरार होने में मदद करने के आरोप में उसके दो साथियों निंदर और प्रमोद से भी पूछताछ कर रही है।
हादसे में घायल दिल्ली निवासी शिवानी चौहान उर्फ सिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपी के दावों पर सवाल उठाए। आरोपी की ओर से बाइकर्स द्वारा उकसाए जाने की बात कहे जाने पर सिया ने पूछा कि यदि वह निर्दोष था तो टक्कर के बाद वाहन रोककर उनकी स्थिति जानने के बजाय मौके से फरार क्यों हुआ। सिया ने कहा कि हादसा इतना गंभीर था कि उनकी जान भी जा सकती थी।
शिवानी चौहान पेशे से फैशन डिजाइनर हैं और सोशल मीडिया पर बाइकिंग कंटेंट के लिए जानी जाती हैं। वह ‘रेबलव्हील्स सिया’ नाम से बाइकिंग से जुड़े वीडियो पोस्ट करती हैं। सिया और उनके पिता रोशन चौहान आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। सिया वर्ष 2022 में दिल्ली के कालकाजी से एमसीडी चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय आरोपी कल्याण बैंसला हरियाणा के पलवल जिले के टीकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है। वह किसान परिवार से ताल्लुक रखता है और राज्य स्तर पर कबड्डी खेलने का दावा करता है। उसने पलवल में KBT नाम से जिम शुरू किया था, जो किराया बकाया होने के कारण फिलहाल सील है। हादसे में इस्तेमाल कार सेना में तैनात उसके दोस्त मनीष की बताई जा रही है। कल्याण ने घटना से दो दिन पहले यह कार ली थी।
वहीं, आरोपी के परिजनों ने घटना को महज सड़क हादसा बताते हुए कहा कि मामले को सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा तूल दिया गया। उनका आरोप है कि सिया ने इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए घटना को मुद्दा बनाया। दूसरी ओर, सिया के पिता ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच करने के साथ आरोपी से पूछताछ कर रही है।