summer express, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर भारत के साथ पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 सितंबर को 22 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। गुजरात में बेहद भारी बारिश की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गुजरात के कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अहमदाबाद, गांधीनगर, सुरेंद्रनगर, राजकोट, मोरबी, पोरबंदर, जामनगर और देवभूमि द्वारका में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में भारी बारिश के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट है। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
बिहार में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। राज्य के करीब आधे हिस्से में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, बक्सर, भोजपुर और रोहतास में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम और बैतूल समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। यहां भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम खराब रह सकता है। दोनों राज्यों में आंधी, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर राज्यों तथा केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।