summer express, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर बीच पर पिकनिक मनाने पहुंचे पुणे के आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसा गुरुवार को उस समय हुआ, जब आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान से जुड़े छात्र समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे। पुलिस के अनुसार, पानी की गहराई और समुद्री लहरों का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण छात्र गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, पुलिस और वॉटर स्पोर्ट्स कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू किया। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी छात्रों की तलाश में मदद की। राहत एवं बचाव दल ने सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए। शवों को बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पिकनिक पर कुल 48 लोग गए थे, जिनमें 25 छात्र, 17 छात्राएं और छह शिक्षक शामिल थे। मृतक छात्र आलंदी के विनर्स एकेडमी से जुड़े बताए गए हैं। पुलिस घटना के संबंध में उनके साथ गए अन्य छात्रों और शिक्षकों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने मृत छात्रों के परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शवों को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। शुरुआती जांच में मामला समुद्र में डूबने से हुई दुर्घटना का सामने आया है।