Summer express झज्जर-:हरियाणा में रबी सीजन की तैयारियों के बीच किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने प्रदेश में अक्टूबर माह के दौरान करीब 7.50 लाख मीट्रिक टन खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की है। इससे सरसों की बिजाई के साथ-साथ आगामी गेहूं सीजन में किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।डिपार्टमेंट ऑफ फर्टिलाइजर्स, दिल्ली की ओर से हरियाणा की जरूरत के अनुसार विभिन्न खाद कंपनियों को आपूर्ति के लिए डिमांड भेजी गई है। केंद्र की ओर से तय आपूर्ति योजना के तहत इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) के माध्यम से प्रदेश में 1.50 लाख एमटी डीएपी, 3.50 लाख एमटी यूरिया, 40 हजार एमटी एनपीके व एसएसपी तथा 10,650 एमटी एमओपी उपलब्ध कराया जाएगा।
खाद की आपूर्ति में आईपीएल की अहम भूमिका रहेगी। इसके अलावा इफको, चंबल फर्टिलाइजर्स सहित अन्य कंपनियों के माध्यम से भी खाद प्रदेश के विभिन्न जिलों तक पहुंचाई जाएगी। सरकार का प्रयास है कि किसानों को फसल की बुआई के समय पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो।
झज्जर पहुंच रहा 2600 एमटी डीएपी का रैक
खाद आपूर्ति के तहत झज्जर जिले के किसानों को भी जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। जिले में आईपीएल का करीब 2600 एमटी डीएपी का रैक पहुंचने की संभावना है। रैक पहुंचने के बाद निर्धारित आवंटन के अनुसार आसपास के जिलों में भी खाद भेजी जाएगी। इससे सरसों की बिजाई के दौरान डीएपी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।