एजंेसी | अमृतसर
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने रविवार को एक कथित अवैध हथियार और विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक ऐके-47 राइफल, एक मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध हथियारों की खरीद और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्बा, निवासी गांव चीमा खुर्द, जिला तरनतारन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा पिछले चार दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसमें असॉल्ट राइफल बरामद हुई है। इससे पहले 30 सितंबर को पुलिस ने एक अन्य मामले में एक ऐके-47, एक ऐके-56, चार मैगजीन, जिंदा कारतूस और 10 किलो से अधिक हेरोइन बरामद करने का दावा किया था। उस मामले में संदीप सिंह, उसकी पत्नी कमलजीत कौर और विक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
डीजीपी के मुताबिक ताजा मामले में घरिंडा पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और ग्रेनेड कहां से लाए गए, इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।