Summer express/ऊना, राकेश। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में सीबीएसई स्कूल भवन के निर्माण के लिए 12.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।स्कूल भवन का डिजाइन और ड्राइंग तैयार कर ली गई है।इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। स्कूल का खेल मैदान पहले ही तैयार किया जा चुका है।उप मुख्यमंत्री आज हरोली में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत विकास खंड की 14 ग्राम पंचायतों को ई-रिक्शा सौंपने के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने ई-रिक्शा को हरी
झंडी दिखाकर रवाना किया।उन्होंने कहा कि पहले चरण में 14 पंचायतों को ई-रिक्शा उपलब्ध करवाए गए हैं। इनके माध्यम से घर-घर जाकर कचरा एकत्रित किया जाएगा। आने वाले समय में ई-रिक्शा की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हरोली को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है और इसमें स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर उन्होंने हरोली-दिल्ली वोल्वो बस सेवा का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को दिल्ली आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हरोली में इलेक्ट्रिक बस डिपो शुरू होने के बाद अधिकांश बसें इलेक्ट्रिक उपलब्ध करवाई गई हैं और उनका संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देना भी क्लीन हरोली, ग्रीन हरोली अभियान का अहम हिस्सा है।