हरियाणा | पंजाब की सियासत में एक बड़ा उलटफेर सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल को उस वक्त तगड़ा झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और खरड़ से पूर्व प्रत्याशी रणजीत सिंह गिल ने भाजपा की सदस्यता ले ली। उन्होंने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निवास पर भाजपा का दामन थामा।
रणजीत सिंह गिल ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में खरड़ से अकाली दल के टिकट पर चुनाव लड़ा था और वहां अच्छी पकड़ बनाई थी। अब भाजपा में शामिल होकर उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों से प्रभावित हैं। उनके अनुसार, पंजाब की तरक्की का रास्ता अब सिर्फ भाजपा से होकर गुजरता है।
गिल ने आगे कहा कि जनता अब पारंपरिक दलों की भ्रष्टाचार और वंशवाद की राजनीति से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है। वे भाजपा को पंजाब में मजबूत करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी गिल का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी को उनके जैसे अनुभवी और जमीनी नेताओं की जरूरत है, और उनका आना संगठन को और ताकत देगा।