जालंधर | नगर निगम ने 6 सितंबर को लगने वाले सिद्ध बाबा सोढल मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए 6 अगस्त से शहर में मुनादी कर लोगों और दुकानदारों को जागरूक किया जाएगा।
मेयर वनीत धीर और निगम कमिश्नर गौतम जैन के आदेशों के तहत हेल्थ ऑफिसर डॉ. श्रीकृष्ण अपनी टीम के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। प्लास्टिक बेचने, उपयोग या उत्पादन करने पर 2 हज़ार से 50 हज़ार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
दुकानदारों के लिए सख्त निर्देश:
- प्लास्टिक कैरी बैग का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित
- लंगरों में थर्मोकोल या प्लास्टिक की कटलरी पर रोक
- मिठाई के डिब्बों पर प्लास्टिक रैपर न हो
- प्लास्टिक बोतल, कप, फ्लेक्स, बैनर का उपयोग न करें
- बुके में प्लास्टिक या प्रतिबंधित कपड़ा न लगाएं
प्राकृतिक विकल्पों को मिलेगा बढ़ावा:
- लंगर में स्टील के बर्तन, पत्तल, दोने का उपयोग
- कपड़े, जूट व कागज़ के थैले प्रोत्साहित
- छबील में पेपर या स्टील के गिलास का प्रयोग
- गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था
नगर निगम का साफ संदेश है कि इस बार मेला पर्यावरण के अनुकूल और स्वच्छता के मानकों पर खरा उतरेगा। आदेशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।