करनाल | जनकपुरी इलाके में दिनदहाड़े तीन युवकों ने दो युवतियों का अपहरण कर सनसनी फैलाई। गौशाला रोड के पास घर के बाहर खड़ी युवतियों को जबरन कार में बैठाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके गले पकड़कर मारपीट भी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक काली कार गली में खड़ी थी, जिसमें तीन युवक सवार थे। दो आरोपियों ने युवतियों को पकड़ कर जबरदस्ती कार तक घसीटा। विरोध करने पर थप्पड़ भी मारे गए। स्थानीय लोग मदद को आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और फिर कार लेकर फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) के प्रभारी विजय पाल ने बताया कि अभी तक अपहरण के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैल गई है, जबकि पुलिस आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।