भिवानी | भिवानी के हांसी गेट इलाके में हाल ही हुई आगजनी ने छह दुकानों के व्यापारियों को भारी झटका दिया है। शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी आग में लगभग 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। इस गंभीर स्थिति को लेकर जनकल्याण सहयोग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक अग्रवाल तौला के नेतृत्व में प्रभावित व्यापारियों ने भिवानी के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग की है।
दीपक अग्रवाल तौला ने बताया कि आग में खासकर दो बैग हाउस का पूरा नया स्टॉक और कई महंगे बैग जलकर राख हो गए हैं, जिससे व्यापारियों के लिए भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि यह बैग हाउस व्यापारियों का एकमात्र रोजी-रोटी का जरिया है और अब नुकसान के कारण उनके परिवारों का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है।
तौला ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द प्रभावित व्यापारियों के नुकसान का उचित मूल्यांकन कर उनका मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपना कारोबार फिर से शुरू कर सकें और अपनी आर्थिक स्थिति सुधार सकें।