Shimla, 19 August
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को सुन्नी अस्पताल का दौरा कर प्रस्तावित क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन को केवल आवश्यकता अनुसार ही तोड़ा जाए और ड्राइंग में आवश्यक बदलाव कर शीघ्र नेशनल हेल्थ मिशन को भेजा जाए।
क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ
मंत्री ने कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट बनने से सुन्नी ही नहीं बल्कि मंडी सहित आसपास के हजारों लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अस्पताल के रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे और कर्मचारियों के आवास की मरम्मत कार्य भी प्राथमिकता पर होगा।
क्या है क्रिटिकल केयर यूनिट?
क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU), जिसे गहन चिकित्सा इकाई (ICU) भी कहा जाता है, गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए विशेष वार्ड होता है। यहां 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टर और नर्स निगरानी रखते हैं। वेंटिलेटर, हार्ट मॉनिटर और अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की मदद से मरीजों का उपचार किया जाता है।
18.83 करोड़ की लागत से बनेगा CCU
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग ₹18.83 करोड़ की लागत आएगी। इसमें से ₹13.09 करोड़ भवन निर्माण पर जबकि शेष राशि अत्याधुनिक मशीनरी और उपकरणों पर खर्च की जाएगी।