सांबा | जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस अचानक पुल से नीचे जा गिरी। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
सूचना के अनुसार, यह बस उत्तर प्रदेश के अमरोहा से कटरा जा रही थी। हादसा जम्मू-पठानकोट हाईवे पर जतवाल क्षेत्र में उस समय हुआ जब अचानक बस का टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और करीब 30 फीट ऊंचे पुल से बस नीचे जा गिरी। बस का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 81 बीटी 7688 बताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को बस से बाहर निकालकर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
सभी घायलों को सांबा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से आठ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें एम्स विजयपुर रेफर किया गया है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
एक चश्मदीद ने बताया कि घटना के वक्त बस के ज्यादातर यात्री सो रहे थे और हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।