Shimla, Sanju
धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को सौंपा है। विधायक ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने सदन में कई बार भ्रामक और विरोधाभासी जानकारियां दी हैं।
सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष को भेजे पत्र में सुधीर शर्मा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट सत्र में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में 25 हजार युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की। जबकि पिछले वर्ष मानसून सत्र में सरकार ने दावा किया था कि 34 हजार से अधिक लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार दिया गया है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने 23 हजार नौकरियां देने की बात कही। विधायक का कहना है कि इन बयानों में भारी विरोधाभास है।सुधीर शर्मा ने यह भी लिखा कि सरकार ने पहले बजट सत्र से ही हर विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोलने की घोषणा की थी। इसके बावजूद आज तक एक भी संस्थान स्थापित नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 28 विधायकों वाले क्षेत्रों में भी ऐसा कोई संस्थान नहीं खोला गया। इसके अलावा, सरकार की दस गारंटियों को लेकर भी कई बार सदन को गुमराह किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि नोटिस विधानसभा सचिवालय के पास विचाराधीन है और इसकी गंभीरता से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, “हम यह देख रहे हैं कि विधायक ने किन-किन तथ्यों का उल्लेख किया है। यदि आरोप सही पाए गए तो कार्रवाई होगी, और यदि निराधार निकले तो उसके खिलाफ भी प्रावधान हैं।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नोटिस पब्लिसिटी के लिए नहीं दिए जाने चाहिए और सोशल मीडिया पर इन्हें साझा करना उचित नहीं है।