Chintpurni, Vikas
विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। महीने के अंतिम रविवार को प्रदेश ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रविवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सुबह से ही श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर मां भगवती की पावन पिंडी के दर्शन के लिए पहुंचे। दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालुओं की डबल लाइन लुधियाना धर्मशाला के पास तक पहुंच गई।मंदिर प्रशासन की ओर से सुगम दर्शन प्रणाली के तहत श्रद्धालुओं ने पास बनाकर लिफ्ट मार्ग से भी मां के दर्शन किए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रबंध किए थे।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने जगह-जगह रस्सी और वेरी गेट लगाकर लाइन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की मदद से मंदिर परिसर की निगरानी की जा रही थी ताकि किसी भी शरारती गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।ट्रैफिक पुलिस विभाग ने भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जवानों की तैनाती की, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंदिर प्रशासन को सुझाव:
मुख्य पुजारी रविंदर शिंदा और पुजारी बारीदार सभा के प्रधान, ट्रस्टी तिलक राज कालिया, विनोद कालिया, नरेंद्र कालिया, अमित कालिया, पूर्व ट्रस्टी निरंजन कालिया, भूषण कालिया, जीवन प्रकाश कालिया, पूर्व प्रधान विनोद कालिया, और उप प्रधान संजय कालिया ने मंदिर प्रशासन से आग्रह किया है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण के कार्य को शीघ्र आरंभ किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।