Mandi,Dharamveer
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल पुलिस की विभागीय प्रोन्नति परीक्षा (बी–1) के दौरान हुई अव्यवस्था ने सरकार की तैयारियों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त इंतजाम और तकनीकी परीक्षण के परीक्षा आयोजित करना सरकार की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि परीक्षा के दौरान तकनीकी खामियों के कारण परीक्षार्थियों को छह-छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा। कई केंद्रों पर प्रश्नों के उत्तर सबमिट नहीं हो रहे थे, कहीं प्रश्नपत्र में ही गलत विकल्प दिए गए थे, तो कहीं सर्वर से लिंक न होने के कारण परीक्षा आरंभ नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नाकामी और खराब प्रबंधन का जीता-जागता उदाहरण है।नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि यदि सरकार 4000 लोगों की परीक्षा सुचारु रूप से नहीं करवा सकती, तो एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा कैसे पूरा करेगी? उन्होंने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग को भंग करना युवाओं से रोजगार छीनने की साजिश थी। “यह सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने नहीं, बल्कि अवसर छीनने में लगी है.
मन की बात’ कार्यक्रम से देश की प्रतिभाओं को मिला मंच: जयराम ठाकुर
शिमला में अपने आधिकारिक निवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कार्यक्रम देश की प्रतिभाओं को मंच देने का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और ‘रन फॉर यूनिटी’ में जनसहभागिता के आह्वान का स्वागत किया।उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि “हम सब मिलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाएं और एकजुटता, देशभक्ति तथा समर्पण की भावना को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएं।
मंडी में युवा मोर्चा की परिचय बैठक में शामिल हुए जयराम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, जिला मंडी की परिचय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की सशक्त नींव है और संगठन के हर अभियान में युवाओं की ऊर्जा और समर्पण अहम भूमिका निभाते हैं। बैठक में नव–निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ संगठन को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।जयराम ठाकुर ने विश्वास जताया कि युवा मोर्चा अपनी कर्मठता, अनुशासन और समर्पण से पार्टी को नई दिशा देगा।