चंडीगढ़। हरियाणा और आसपास के इलाकों में इस बार अक्तूबर का महीना बारिश के मामले में रिकॉर्ड तोड़ साबित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अक्तूबर में औसतन 30.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 214 प्रतिशत अधिक रही। यह पिछले दो वर्षों की तुलना में सबसे ज्यादा है। पिछले साल केवल 0.5 मिमी और 2023 में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि 2022 में यह आंकड़ा 35.9 मिमी तक पहुंचा था।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट शुरू होगी, जिससे लोगों को ठंड का अहसास होने लगेगा। सामान्य तौर पर अक्तूबर में लगभग 9.6 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार पहले हफ्ते में झमाझम बारिश ने औसत को काफी बढ़ा दिया। हालांकि इसके बाद के हफ्तों में बारिश नहीं हुई, जिस कारण दिन और रात के तापमान में खास अंतर नहीं आया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अक्तूबर के दूसरे और तीसरे हफ्ते में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय तो रहा, लेकिन बारिश नहीं करवा सका। वहीं, अंतिम सप्ताह में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। विभाग का अनुमान है कि अगले दस दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
फिलहाल हरियाणा में रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम चल रहा है। राज्य में सबसे ठंडा जिला पंचकूला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे गर्म पलवल रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।