अंबाला | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर अंबाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के साथ मिलकर ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन मैदान, अंबाला में किया गया, जहां देशभक्ति के माहौल में पूरा परिसर “वंदे मातरम” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सीएम सैनी ने मां अंबिका का आशीर्वाद लेकर कहा कि “वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और धड़कन है। यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गीत सनातन भारतीय दृष्टि को दर्शाता है, जो मातृभूमि को मां के रूप में देखती है। उन्होंने इसे मर्यादा, अनुशासन, त्याग और एकता का मंत्र बताया और कहा कि इसी गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजी हुकूमत की जड़ों को हिला दिया था।
सीएम सैनी ने आगे कहा कि “वंदे मातरम हमारी धरती की हरियाली, नदियों की कलकल और राष्ट्र की एकता का अमृत स्वर है। यह गीत हर भारतवासी के हृदय में आत्मबल जगाने वाला शंखनाद है।”