गुरुग्राम I बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा निकाली जा रही सनातन हिंदू एकता पदयात्रा आज गुरुग्राम से होकर वृंदावन की ओर रवाना होगी। प्रशासन को पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिसके चलते यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड आज सुबह 7 बजे से वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग
गुरुग्राम से फरीदाबाद या फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालक अब महरौली-दिल्ली रोड या गुरुग्राम-सोहना-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवान यातायात की व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रहेंगे।
सुबह 8 बजे फरीदाबाद में प्रवेश करेगी पदयात्रा
पदयात्रा शनिवार सुबह 8 बजे मांगर चुंगी बॉर्डर से गुरुग्राम होते हुए फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान फरीदाबाद से गुरुग्राम (पाली–मांगर मार्ग) के दोनों ओर का रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।