बिहार | बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पश्चिमी चंपारण के बगहा विधानसभा क्षेत्र में एनडीए के समर्थन में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता एनडीए गठबंधन के प्रति जबरदस्त उत्साह दिखा रही है और आगामी चुनाव में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाने जा रही है।
सैनी ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार बनने से राज्य को ट्रिपल इंजन की ताकत मिलेगी, जिससे विकास कार्यों में और तेजी आएगी। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार ने जनकल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने हमेशा स्वच्छ शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है। बिहार में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार लाने की दिशा में एनडीए प्रतिबद्ध है।
सैनी ने कहा कि बिहार की जनता ने हर बार सुशासन को प्राथमिकता दी है। एनडीए की सरकार ने प्रदेश में विकास की गति बढ़ाई, कानून व्यवस्था को मजबूत किया और महिलाओं की सुरक्षा व शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी और राज्य में स्थिरता, सुरक्षा और विकास का नया अध्याय शुरू होगा।