गुरुग्राम। हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया पर 14 जुलाई को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान पंजाब के एक सरपंच (ग्राम प्रधान) के पास से तीन विदेशी पिस्तौल बरामद की गई हैं। इनमें दो इटली निर्मित बेरेटा और एक पाकिस्तान निर्मित पिस्तौल शामिल है।
पाकिस्तान निर्मित हथियार की बरामदगी से यह आशंका और गहरी हो गई है कि पाकिस्तानी आपूर्तिकर्ता भारत में आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अवैध हथियार भेज रहे हैं।
सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच ने 7 नवंबर को पंजाब के फिरोजपुर जिले के कटोरा गांव निवासी विक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने गगनदीप को अवैध हथियार सप्लाई किए थे, जिनका इस्तेमाल राहुल फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग में किया गया था।
गगनदीप को हाल ही में पुलिस ने पंजाब की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की थी, जिसमें विक्रमजीत का नाम सामने आया। तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान विक्रमजीत की निशानदेही पर तीन विदेशी पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद किए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति से छह हथियार खरीदे थे। इनमें से तीन उसने सरधनिया और दीपक नांदल गिरोह तक पहुंचाए, जबकि तीन खुद के पास रखे।
गौरतलब है कि फायरिंग के बाद गैंगस्टर सुनील सरधनिया और दीपक नांदल ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली थी।
दोनों गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हाल ही में सरधनिया को कोस्टा रिका (मध्य अमेरिका) से गिरफ्तार कर भारत लाया है। उससे गिरोह के नेटवर्क और हथियार आपूर्ति चैनल के बारे में कई अहम जानकारियां मिली हैं।