Una, Rakesh
तकनीकी शिक्षा, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय ऊना में एचपीयू यूथ फेस्टिवल (ग्रुप-III) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्टेट राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
यह चार दिवसीय महोत्सव 12 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर के 42 कॉलेजों के करीब 800 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। फेस्टिवल के पहले दिन शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, आधुनिक कोरियोग्राफी और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
मीडिया से बातचीत में मंत्री धर्माणी ने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को विभिन्न पृष्ठभूमियों से आने वाले साथियों से सीखने का अवसर मिलता है, जिससे उनमें सांस्कृतिक एकता और आपसी सहयोग की भावना बढ़ती है।राजेश धर्माणी ने कहा कि सरकार युवाओं को सक्षम और स्किल्ड बनाने की दिशा में काम कर रही है, ताकि वे समाज और देश के विकास में बेहतर योगदान दे सकें।उन्होंने बताया कि प्रदेश में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए नए कोर्स शुरू किए गए हैं, जिससे उन्हें रोजगारोन्मुखी ज्ञान प्राप्त होगा।मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।