चंडीगढ़ | हरियाणा में लगातार बढ़ती अपराध दर और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह आज सुबह 11:30 बजे पार्टी के विधायकों के साथ हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष से मुलाकात करेंगे और एक ज्ञापन सौंपकर दखल देने की मांग करेंगे।
कांग्रेस का कहना है कि राज्य में गैंगवार, नशा तस्करी और महिलाओं पर अपराध जैसी घटनाओं ने जनता में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, और सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित है।
सूत्रों के अनुसार, ज्ञापन में हाल के दिनों में हुई हत्या, लूट और साइबर ठगी जैसी घटनाओं का जिक्र किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि मुख्यमंत्री के दावे जमीन पर सफल साबित नहीं हुए हैं और डीजीपी के सख्त आदेशों के बावजूद पुलिस व्यवस्था नियंत्रण में नहीं आ पाई है।
कांग्रेस ने पहले भी विधानसभा सत्र में कानून-व्यवस्था पर सरकार से जवाब मांगा था। हालांकि, कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर अब पार्टी ने सीधे राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग कर स्थिति सुधारने का दबाव बनाने का फैसला किया है।