फरीदाबाद | फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन पर दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन प्रांगण में तीन संदिग्ध लावारिस बैग पड़े होने की सूचना मिली। यात्रियों और सुरक्षा कर्मियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत पुलिस, सीआईएसएफ और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी, जिसके बाद कई टीमें मौके पर जुट गईं।
सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बस अड्डे की ओर खुलने वाले गेट नंबर-1 को तत्काल बंद कर दिया, जबकि रेलवे रोड की ओर बने गेट नंबर-2 से आवाजाही जारी रखी गई। बम निरोधक दस्ता, खोजी कुत्ता यूनिट, मेट्रो थाने की पुलिस और सिटी थाने की टीम ने बैगों की बारीकी से जांच शुरू कर दी।
करीब दो घंटे चली इस उच्च स्तरीय जांच के दौरान मौके पर एक युवक आकाश पहुंचा, जिसने दावा किया कि ये तीनों बैग उसी के हैं। युवक ने बताया कि वह सुभाष चौक, एनआईटी नंबर-1 का निवासी है और रामा पैलेस के पास साजन कार डेकोरेटर की दुकान में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि वह नशे में होने की वजह से बैग स्टेशन पर रखकर बस अड्डे में सोने चला गया था।
बैगों की जांच में कपड़े, किताबें, पेचकस और प्लास जैसे उसके निजी सामान मिले। युवक के बयान और बैग में मिले सामान की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसे कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया।
दहशत और अफरा-तफरी के माहौल के बाद, जांच पूरी होने पर गेट नंबर-1 को फिर से यात्रियों के लिए खोल दिया गया और मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो गईं। घटना से सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और सतर्कता एक बार फिर स्पष्ट हुई है।