चंडीगढ़ | हरियाणा पुलिस के राज्यव्यापी अभियान ऑपरेशन ट्रैकडाउन ने अपराधियों के लिए दहशत का माहौल बना दिया है। अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने कुल 5,063 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 1,514 कुख्यात और वांछित अपराधी सीधे सलाखों के पीछे भेजे गए हैं, जबकि 3,549 अन्य आरोपियों की धरपकड़ भी की गई है। यह अभियान प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए लगातार जारी है।
24 नवंबर की बड़ी कार्रवाई:
एक ही दिन में पुलिस ने 232 अपराधियों को काबू किया। इनमें 35 हार्डकोर अपराधी शामिल थे, जबकि अन्य 197 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। यह साबित करता है कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन पूरे प्रदेश में पूरी गति और तालमेल के साथ काम कर रहा है।
नूंह में बड़ी सफलता:
नूंह पुलिस ने एटीएम चोरी, ट्रक/डंपर चोरी, लूट, डकैती और अवैध हथियार जैसी 36 संगीन घटनाओं में वांछित हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी पर नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली, राजस्थान, यूपी और पश्चिम बंगाल में गंभीर मामले दर्ज हैं।
जींद में अवैध हथियार के साथ दबोचा गया कुख्यात:
जींद पुलिस ने कुलदीप उर्फ सरपंच को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पाँच देसी पिस्तौल और दस जिंदा राउंड बरामद हुए। उस पर पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और एनडीपीएस जैसे करीब 20 मामले दर्ज हैं।
डबवाली और गुरुग्राम में कार्रवाई:
डबवाली पुलिस ने 20-20 हजार रुपये के इनामी दो कुख्यात अपराधियों को हथियार सहित गिरफ्तार किया। गुरुग्राम में बाइक सवार बदमाश हर्ष को मोबाइल चोरी की वारदात में गिरफ्तार किया गया।
ऑपरेशन ट्रैकडाउन की ये लगातार कार्रवाई पुलिस की तत्परता, रणनीति और अपराध नियंत्रण में उसकी सफलता का प्रमाण हैं। प्रदेशभर की पुलिस टीमें मिशन मोड में अपराधियों के खिलाफ आक्रामक कदम उठा रही हैं।