दिल्ली | रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले महीने भारत के दो दिवसीय दौरे पर आने वाले हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की। पुतिन 4 दिसंबर से नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह राजकीय यात्रा दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, अंतरिक्ष, विज्ञान एवं तकनीक जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आगे की दिशा तय करेंगे।
इसके अलावा, दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा करेंगे, जिनमें वैश्विक सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और उभरती भू-राजनीतिक चुनौतियां प्रमुख होंगी।