रेवाड़ी | रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा–रेवाड़ी रोड पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कनीना के प्राइवेट स्कूल संचालक राजेंद्र लोढ़ा की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बालाजी ऑटो मार्केट के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बस और कार की आमने-सामने टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, स्कूल संचालक राजेंद्र लोढ़ा गुरुवार रात अपने साथी के साथ कार से कनीना लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बालाजी ऑटो मार्केट क्षेत्र में पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों लोग कार में ही फंस गए और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार की विंडशील्ड और दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला। दोनों को तुरंत रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र लोढ़ा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है, जहां शुक्रवार को प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने बस चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
कनीना क्षेत्र में राजेंद्र लोढ़ा शिक्षा जगत में पहचाने जाते थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ते हादसों को देखते हुए प्रशासन से सख्त यातायात नियंत्रण और स्पीड मॉनिटरिंग की मांग भी की है।