गुरुग्राम | गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद और ससुराल पक्ष से चली आ रही कहासुनी का बदला लेने के लिए एक पति ने अपनी पत्नी को आग के हवाले कर दिया। घटना 30 नवंबर की देर रात रायसीना गांव में हुई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी महिला ने सोमवार को रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
ससुराल में हुए विवाद की रंजिश बनी वजह
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला नीतू (37) की शादी रायसीना के आनंद से 16 साल पहले हुई थी। कुछ दिन पहले उसकी ससुराल में साली की शादी के दौरान दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी मनमुटाव के चलते आनंद ने 30 नवंबर को शराब के नशे में घर लौटकर पत्नी से झगड़ा किया, उसे पीटा और फिर खौफनाक कदम उठाते हुए बाइक से पेट्रोल निकालकर उस पर छिड़क दिया।
इसके बाद उसने लाइटर से आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी नीतू चीखते हुए गली की ओर भागी, जहां ससुर और अन्य परिजन पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की।
इलाज के दौरान महिला की मौत, पति गिरफ्तार
नीतू को गंभीर हालत में सोहना अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गुरुग्राम और फिर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस टीम ने अस्पताल में महिला का बयान दर्ज किया था, जिसमें उसने साफ तौर पर पति पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया था।
सोमवार को नीतू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मायके पक्ष की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने आरोपी आनंद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ससुराल में हुए विवाद की रंजिश निकालने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस बोली : कड़ी कार्रवाई होगी
भोंडसी पुलिस का कहना है कि यह मामला न सिर्फ घरेलू हिंसा का बल्कि पूर्व नियोजित प्रतिशोध का गम्भीर अपराध है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा और केस में तेजी से कार्रवाई होगी।