हेवर्ड (कैलिफ़ोर्निया)।अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया के हेवर्ड क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय हुआ, जब निर्माण कार्य के दौरान एक कंस्ट्रक्शन क्रू ने गलती से लुएलिंग बुलेवार्ड पर भूमिगत गैस लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। गैस लाइन टूटते ही जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आसपास की इमारतों में आग लग गई और कई घरों तथा वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। धमाके के बाद उठे घने धुएं ने पूरे इलाके को ढक लिया और लोगों में दहशत फैल गई।
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास के एक घर की Ring डोरबेल कैमरे में इसका वीडियो कैद हो गया, जिसमें एक इमारत जोरदार झटके के साथ हिलती दिखाई देती है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अलामीडा काउंटी फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है। आग पर नियंत्रण पाने और गैस रिसाव को रोकने के लिए विशेषज्ञ टीमें लगातार काम कर रही हैं।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक गैस लाइन को नुकसान पहुंचाने वाली निर्माण टीम PG&E (Pacific Gas & Electric) की आधिकारिक टीम नहीं थी। घटना स्थल व्यस्त I-238 हाईवे के पास होने के कारण अधिकारियों ने लोगों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि वहां इमरजेंसी ऑपरेशन अभी भी जारी हैं।
हेवर्ड शहर, जिसकी आबादी लगभग 1.6 लाख है, ओकलैंड से करीब 24 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।