जालंधर | गर्मियों की छुट्टियों के चलते जालंधर के नकोदर चौक मार्केट स्थित फर्नीचर एसोसिएशन ने 4 दिन के सामूहिक अवकाश का ऐलान किया है। यह निर्णय एसोसिएशन की हाल ही में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास कपूर ने बताया कि 19 जून से 22 जून तक सभी फर्नीचर दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन निर्धारित तिथियों के दौरान कोई भी एसोसिएशन से जुड़ा दुकानदार अपनी दुकान नहीं खोलेगा। यदि कोई दुकानदार नियम का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसोसिएशन ऐसे किसी भी दुकानदार का सामाजिक रूप से बहिष्कार करेगी और भविष्य में उसे किसी प्रकार का समर्थन नहीं दिया जाएगा।
इस बैठक में एसोसिएशन के कई प्रमुख सदस्य—गगनदीप सिंह, अमित सोई, दविंद्र साही, तीर्थ सिंह, जगनदीप सिंह, विकास पाहवा, राहुल साही, जसपाल साही और कुनाल कपूर—उपस्थित रहे और फैसले पर अपनी सहमति जताई।