नारनौल | हरियाणा सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, प्रोत्साहन और कल्याण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का उद्देश्य समाज निर्माण में बुजुर्गों के अनुभव और योगदान को पहचान देना और उन्हें सम्मानित करना है।
नारनौल के उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत समाज सेवा, कला, खेल, शौर्य और बहादुरी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। इससे बुजुर्गों को न केवल नई पहचान मिलेगी, बल्कि समाज में उनकी सक्रिय भूमिका को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
12 जनवरी तक कर सकेंगे आवेदन
उपायुक्त ने बताया कि योजना के तहत शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता, शौर्य व बहादुरी, आजीवन उपलब्धि, वरिष्ठ चित्रकार, मूर्तिकार, संगीतकार और खिलाड़ियों सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा बुजुर्गों की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सर्वश्रेष्ठ पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, वृद्धाश्रमों और डे-केयर सेंटरों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इनाम और आवेदन प्रक्रिया
व्यक्तिगत श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तक की नकद राशि और सम्मान पत्र दिया जाएगा, जबकि संस्थागत श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये तक का होगा। इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपनी उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण पत्र व आवश्यक दस्तावेजों के साथ विभागीय पोर्टल https://award.socialjusticehry.gov.in पर 12 जनवरी 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों या संस्थाओं को पिछले तीन वर्षों में इसी श्रेणी में यह पुरस्कार मिल चुका है, वे दोबारा आवेदन के पात्र नहीं होंगे। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी, शर्तें और नियम संबंधित जिले के समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
पुरस्कार राशि का विवरण
कला और खेल श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये, द्वितीय 30,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 20,000 रुपये निर्धारित है। वहीं संस्थागत श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार 1,00,000 रुपये, द्वितीय 75,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 50,000 रुपये प्रदान किया जाएगा।