Mandi, Dharamveer-:मंडी जिला की ऊंची पहाड़ियों पर एक बार फिर सर्दी ने दस्तक दे दी है। बीती देर रात शिकारी देवी और देव कमरूनाग की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी से पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। अचानक हुई इस बर्फबारी से घाटी की वादियां बर्फ की सफेद चादर में ढक गईं और चारों ओर चांदी जैसी चमक देखने को मिली। सुबह होते ही पहाड़ों पर जमी बर्फ ने प्राकृतिक सौंदर्य को और भी मनमोहक बना दिया।
मंडी जिला के थुनाग उपमंडल में स्थित माता शिकारी देवी की पहाड़ियों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं देव कमरूनाग क्षेत्र में इस सीजन की पहली बर्फबारी होने से स्थानीय लोगों में ठंड का असर बढ़ गया है। बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है।गौरतलब है कि इससे पहले बीते वर्ष अक्टूबर माह में माता शिकारी देवी के दरबार में सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली थी। हालांकि इस वर्ष देव कमरूनाग में हुई यह बर्फबारी सीजन की पहली मानी जा रही है। समुद्र तल से करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित माता शिकारी देवी का मंदिर सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण विशेष सावधानी के दायरे में रहता है।प्रशासन और मंदिर कमेटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी नवंबर से मार्च के अंत तक मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए हैं। सुरक्षा कारणों से इस अवधि में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
एसडीएम थुनाग रमेश कुमार ने बर्फबारी की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकारी देवी क्षेत्र में बर्फ पड़ने के बाद मंदिर को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और भारी बर्फबारी के दौरान इस ओर आने से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से सुरक्षित रहा जा सके।