सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले से घरेलू कलह के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कामी रोड स्थित आशीर्वाद गार्डन में चौकीदार के रूप में कार्यरत एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामकिशन के रूप में हुई है, जो पिछले करीब एक साल से अपने परिवार के साथ आशीर्वाद गार्डन परिसर में ही रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भिजवाया गया है।
लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामकिशन और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी आपसी कलह के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी पत्नी मौके से फरार हो गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सिविल लाइन थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी पत्नी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और आगे की कार्रवाई को तेज किया जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।