फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने स्वच्छ सर्वेक्षण–2026 (10वां संस्करण) को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय (DULB) और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) के दिशा-निर्देशों के तहत यह सर्वेक्षण फरवरी 2026 से आयोजित किया जाएगा। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि इस बार सर्वेक्षण में परिणाम आधारित सेवा वितरण और जमीनी स्तर पर सत्यापित प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी।
निगम आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण–2026 में नागरिक-केंद्रित सेवाएं, डिजिटल गवर्नेंस और राष्ट्रीय पोर्टलों पर रियल-टाइम डेटा उपलब्धता अहम मानक होंगे। MoHUA द्वारा स्वच्छता पोर्टल से सीधे ULB स्तर का डेटा लिया जाएगा, इसलिए डेटा की शुद्धता, पूर्णता, आंतरिक सत्यापन और समय पर अपडेट बेहद जरूरी है।
इसी के तहत नगर निगम के सभी विभागों और शाखाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे 18 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक स्वच्छता पोर्टल पर मौजूद सभी संबंधित मॉड्यूल्स की समीक्षा कर डेटा को अपडेट, सत्यापित और अंतिम रूप दें। इस अवधि में पोर्टल पर उपलब्ध डेटा को ही स्वच्छ सर्वेक्षण–2026 के मूल्यांकन के लिए मान्य किया जाएगा।
प्री-असेसमेंट की तैयारियों के तहत स्वच्छता कर्मियों, फील्ड इंजीनियरों, ठेकेदारों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों को संशोधित फ्रेमवर्क, दस्तावेजी आवश्यकताओं और प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही गैप एनालिसिस, सुधारात्मक कदम, सूचना–शिक्षा–संचार (IEC) अभियानों में तेजी और शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत किया जाएगा, ताकि जमीनी स्तर पर स्वच्छता सेवाओं में सुधार हो सके।
स्वच्छ सर्वेक्षण–2026 की तैयारियों के समन्वय और डेटा प्रबंधन के लिए कार्यकारी अभियंता (SBM) मंदीप सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें वरिष्ठ सेनेटरी इंस्पेक्टर और आईईसी कंसल्टेंट कल्पना मंडल का सहयोग मिलेगा। निगम आयुक्त ने बताया कि एक विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की गई है और नगर निगम फरीदाबाद स्वच्छता के उच्च मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।