फरीदाबाद |हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक बेहद संवेदनशील और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय एक दलित युवक को कथित तौर पर 3 घंटे तक कमरे में बंद कर छत के हुक से उल्टा लटकाया गया और बेरहमी से पीटा गया। परिजनों का आरोप है कि युवक को जबरन पेशाब भी पिलाया गया। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जातिगत हिंसा का आरोप, पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला
परिजनों ने घटना को जातिगत हिंसा करार दिया है। उनका कहना है कि पीड़ित ने हाल ही में अपने दोस्त का ग्रुप बदला था, जिससे नाराज़ होकर आरोपियों ने यह वारदात अंजाम दी। पीड़ित के चचेरे भाई का कहना है कि घटना से एक दिन पहले रविवार रात को भी पीड़ित को पीटा गया था और उसे धमकाया गया था।
छत से उल्टा लटकाकर किया गया उत्पीड़न
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम 4 बजे से 7 बजे के बीच युवक को एक कमरे में बंधक बनाकर छत के हुक से उल्टा लटकाया गया। इस दौरान लाठी-डंडों से पीटा गया और यौन उत्पीड़न किए जाने के आरोप भी लगे हैं। वारदात के बाद आरोपी युवक को उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें हैं, साथ ही उसकी एक टांग भी टूट गई है।
पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, एक अभी फरार
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल यादव ने बताया कि मामले की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक बालिग आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। हमले में इस्तेमाल किए गए डंडों को भी बरामद कर लिया गया है।
पीड़ित अभी बयान देने की स्थिति में नहीं
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की हालत नाजुक है और फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।