करनाल | अमेरिका के इंडियाना राज्य में आपसी गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें हरियाणा के करनाल जिले के सांभी गांव निवासी वीरेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है। घटना के बाद भारतीय मूल के युवक की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं भारत में भी परिजनों और गांव में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र का संबंध कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जा रहा है। हत्या के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। पोस्ट में बालजोत सिंह नामक व्यक्ति ने दावा किया कि उसने अपने साथी जस्सा के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया। साथ ही, पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग को खुले तौर पर चुनौती देते हुए आगे भी हमले करने की धमकी दी गई है।
बताया जा रहा है कि रोहित गोदारा राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है और पहले वह लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। बाद में आपसी मतभेदों के चलते उसने अलग होकर अपना स्वतंत्र गिरोह खड़ा कर लिया। रोहित गोदारा गैंग का नेटवर्क भारत के अलावा कनाडा, अजरबैजान और अन्य देशों तक फैला हुआ बताया जाता है, जहां उसके कई सहयोगी सक्रिय हैं।
घटना के बाद अमेरिकी जांच एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। हत्या के पीछे गैंगवार और आपसी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है। वहीं, भारतीय एजेंसियां भी इस मामले से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और गैंग गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। करनाल के सांभी गांव में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।