Shimla-एक देश-एक चुनाव” के मुद्दे पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की बैठक में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से अपनी राय रखी। इस अहम बैठक में हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर भी बतौर समिति सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस प्रस्ताव का विरोध करती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिहाज़ से सरकार ने समिति को कुछ सकारात्मक सुझाव भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव दिया कि यदि एक देश-एक चुनाव की व्यवस्था लागू होती है, तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बनाए रखने के लिए किसी सीट के रिक्त होने पर अधिकतम एक वर्ष के भीतर उपचुनाव अनिवार्य रूप से कराए जाएं।मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साथ चुनावों का विचार व्यवहारिक रूप से कई स्तरों पर चुनौतियों से भरा है, लेकिन यदि इस दिशा में कोई बदलाव किया जाता है, तो उसे देश के संघीय ढांचे और राज्यों की स्वायत्तता के साथ समझौता नहीं करना चाहिए।