हरियाणा | हरियाणा में सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सरकार ने आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब परीक्षा आयोजन की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। अनुमान है कि यह परीक्षा जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएगी। भारी संख्या में अभ्यर्थियों के चलते यह परीक्षा तीन दिनों में करवाई जाएगी।
मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय बैठक, परीक्षा केंद्रों की पहचान के निर्देश
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने हाल ही में प्रदेश के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा और सुचारू संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों से कहा है कि वे अगले तीन दिनों के भीतर संभावित परीक्षा केंद्रों की पहचान करें और सोमवार तक विस्तृत रिपोर्ट सौंपें।
13 लाख से अधिक अभ्यर्थी, 2000 से ज्यादा केंद्र संभव
HSSC को CET के लिए अब तक कुल 13,48,697 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्रों की संख्या 2,000 से अधिक हो सकती है। सभी केंद्रों पर CCTV निगरानी होगी और नकल रोकने के लिए तकनीकी उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी।
HSSC चेयरमैन ने साझा की SOP
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि सभी उपायुक्तों को परीक्षा केंद्र चयन से जुड़ी विस्तृत SOP (Standard Operating Procedure) भेज दी गई है। ताकि सभी जिलों में एक समान और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत केंद्रों का चयन हो सके।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बनी रणनीति
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, परिवहन विभाग के सचिव टी.एल. सत्यप्रकाश समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार CET परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से पूरा किया जाए।