फतेहाबाद | फतेहाबाद में तीन दिन से जारी रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार शाम समाप्त हो गई। रोडवेज कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में बस संचालन पूरी तरह ठप कर दिया गया था। आज हड़ताल को पूरे हरियाणा में विस्तार देने की योजना थी, लेकिन फतेहाबाद की उपायुक्त के साथ हुई बैठक के बाद रोडवेज सांझा मोर्चा ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी।
अग्रोहा घटना के विरोध में चल रही थी हड़ताल
हड़ताल का कारण अग्रोहा में एक रोडवेज बस परिचालक के साथ हुई मारपीट की घटना थी। रोडवेज सांझा मोर्चा के सदस्य राजेंद्र ने बताया कि अब तक इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और शेष की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन ने तीन दिन का समय मांगा है।
प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद लिया निर्णय
प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद रोडवेज कर्मियों ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि यदि निर्धारित समय सीमा में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो आगे की रणनीति पर पुनर्विचार किया जाएगा।
यात्रियों को मिली राहत
हड़ताल समाप्त होने के बाद फतेहाबाद समेत तीनों जिलों में बस सेवा बहाल हो गई है, जिससे आम यात्रियों को काफी राहत मिली है। पिछले तीन दिनों से बस सेवा बाधित होने के कारण यात्रियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।