गोराया | गोराया के गांव अट्टा गेट के सामने गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब पठानकोट निवासी हितेश शर्मा अपनी ग्रैंड विटारा कार में सवार होकर परिवार समेत गुड़गांव की ओर जा रहे थे।
थाना गोराया के एएसआई बावा सिंह ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। इस दौरान उनकी कार की टक्कर सामने से आ रही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार में फंस गई, जबकि बाइक सवार नीचे गिर गया। कार चालक को शायद टक्कर का एहसास नहीं हुआ और वाहन मोटरसाइकिल को घसीटते हुए कई मीटर तक ले गया।
हादसे की भयावहता को देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। मृतक की पहचान झलमन सिंह निवासी गांव रुड़का खुर्द (गोराया) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।